मोहाली। शहर को सुनियोजित बनाने का दावा करने वाला गमाडा अपने ही खाली प्लॉटों की सफाई व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में है। मोहाली के कई फेजों और सेक्टरों में खाली प्लॉटों में कई फीट ऊंची घास उग गई है। इससे आसपास के निवासियों को मच्छरों और जहरीले जीवों का खतरा बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि गमाडा इन प्लॉटों की नियमित सफाई नहीं करवा रहा है। इसी समस्या को लेकर सेक्टर-79 के निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल गमाडा के मुख्य प्रशासक से मिला। पार्षद हरजीत सिंह भोलू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-78 और 79 में खाली प्लॉटों की तत्काल सफाई की मांग की।
भोलू ने बताया कि ऊंची घास मच्छरों के प्रजनन का कारण बन रही है। यह सांप और अन्य जीव-जंतुओं के छिपने का सुरक्षित ठिकाना भी बन गई है। इससे आसपास के लोगों में डर का माहौल है। प्रतिनिधिमंडल ने सफाई के लिए केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नियमित व्यवस्था बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब सफाई की जिम्मेदारी विभाग की है, तो लोगों को बार-बार शिकायत क्यों करनी पड़ रही है। गमाडा के मुख्य प्रशासक ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाली प्लॉटों और साइटों की जल्द सफाई करवाई जाएगी। यह आश्वासन निवासियों को दिया गया है।