मोहाली। फेज-11 बेस्टेक स्क्वॉयर मॉल के नाइट क्लब में युवक को गोली मारने के आरोपी दी स्कल के मालिक और उसके दोस्त को अदालत ने जेल भेज दिया है। पूछताछ में सामने आया कि आदित्य विज ने .32 बोर का पिस्टल यूपी से 40 हजार रुपये में खरीदा था। एक ढाबे पर रोटी खाते समय उसकी मुलाकात अवैध हथियार रखने वाले तस्कर से हुई थी। तस्कर ने 45 हजार रुपये मांगे थे, लेकिन सौदा 40 हजार में तय हुआ। अवैध पिस्टल से क्लब में वह रौब जमाता था। गंगानगर के युवक सिद्धार्थ देलु को गोली मारने के आरोप में पुलिस ने क्लब मालिक आदित्य विज और उसके साथी तुषार कपूर को गिरफ्तार किया था। डांस फ्लोर पर नाचते समय जब सिद्धार्थ से कंधा टकराया तो आदित्य विज तैश में आ गया। उस समय उसने क्लब में बने अपने आफिस के दराज में पिस्टल रखी हुई थी। तैश में आकर पिस्टल निकाल कर लाया और सिद्धार्थ को गोली मार दी। आरोपियों के खिलाफ गंगानगर के रहने वाले 20 वर्षीय आकाशदीप सिंह के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल .32 बोर पिस्टल, एक कारतूस और खाली खोल बरामद किया है।