मोहाली। मोहाली से राजपुरा तक नई रेल लाइन को मंजूरी मिलने से जहां क्षेत्र की सालों पुरानी मांग पूरी हुई है, वहीं शहर के लोगों को भी इसका फायदा होगा। यह रेल प्रोजेक्ट न केवल मोहाली बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र के लिए लाइफ लाइन साबित होने वाला है। इस लाइन के बनने के बाद जिले के लोग सीधे रेल के संपर्क में रहेंगे। इससे यात्रा का समय घटेगा और यात्रियों को हर बार राजपुरा या चंडीगढ़ होकर घूमकर नहीं जाना पड़ेगा। औद्योगिक केंद्र मोहाली और राजपुरा को जोड़ने से माल-वाहन व उद्योग को नई रफ्तार मिलेगी। लोगों की अब यह मांग है कि जल्द ही इस पर काम भी शुरू कर देनी चाहिए। ताकि समय पर काम पूरा किया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
समय पर जमीन एक्वायर करे पंजाब सरकार
केंद्र सरकार ने बेशक मोहाली से राजपुरा तक नई रेल लाइन को मंजूरी दे दी है। अगर पंजाब की सरकार इस रेल लाइन के लिए जमीन एक्वायर करने की प्रक्रिया जल्द पूरी कर लेती है तो इस लाइन का काम समय पर हो सकता है। लोगों की सरकार से मांग भी है कि इस नई रेल लाइन से लोगों को होने वाले फायदे को देखते हुए जमीन एक्वायर करने की प्रक्रिया समय पर पूरी करनी चाहिए। किसानों और जमीन मालिकों से जमीन लेना आसान नहीं होगा। राजपुरा–मोहाली रेल लाइन न केवल एक यात्री सुविधा है, बल्कि यह पंजाब के औद्योगिक और सामाजिक ढांचे को जोड़ने वाला पुल बनेगी। यदि भूमि अधिग्रहण और राजनीतिक इच्छाशक्ति से जुड़ी बाधाएं दूर हो गईं, तो आने वाले कुछ वर्षों में मालवा से चंडीगढ़ तक रेल का नया सफर शुरू हो सकता है।
क्या कहतें है शहर निवासी
हर दिन चंडीगढ़ दफ्तर आने-जाने में बहुत समय लगता है। अगर मोहाली तक सीधी रेल लाइन बन गई तो सफर आसान और सस्ता हो जाएगा।- कुलदीप सिंह, निजी कंपनी कर्मचारी
मोहाली में बड़े प्रोजेक्ट्स बन रहे हैं। रेल कनेक्टिविटी से शहर तक मजदूरों और मटेरियल की सप्लाई आसान होगी, निर्माण क्षेत्र को बड़ा फायदा होगा। - रामकुमार, आर्किटेक्ट
मोहाली-राजपुरा लाइन से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा। यह क्षेत्रीय विकास की दिशा में अहम कदम है। - विशाल शर्मा, बैंक अधिकारी
व्यापारियों के लिए यह लाइन नई उम्मीद है। माल ढुलाई सस्ती और तेज होगी, जिससे कारोबार का दायरा और बढ़ेगा। - अमित मारवाहा, कारोबारी
खास है यह रेलवे लाइन
अभी तक बठिंडा, फाजिल्का, अबोहर, मुक्तसर जैसे मालवा के जिलों से चंडीगढ़–मोहाली पहुंचना बेहद कठिन और लंबा रहा है। इस लाइन के बनने के बाद सीधे रेल संपर्क मिलेगा, जिससे यात्रा का समय घटेगा और यात्रियों को हर बार राजपुरा या चंडीगढ़ होकर घूमकर नहीं जाना पड़ेगा। औद्योगिक केंद्र मोहाली और राजपुरा को जोड़ने से माल-वाहन व उद्योग को नई रफ्तार मिलेगी।