एसडीएम अमित गुप्ता ने मुबारकपुर रेलवे अंडरपास से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद करने का अहम निर्णय लिया है। यह कदम स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों और अंडरपास की बिगड़ती हालत को देखते हुए उठाया गया। एसडीएम ने थाना प्रभारी और नगर परिषद को निर्देश दिए हैं कि जो भी चालक इस आदेश का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि इससे अंडरपास की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। जानकारी के अनुसार, लंबे समय से अंडरपास में जलभराव और सड़क की खराब स्थिति से लोग परेशान थे। इसका मुख्य कारण अंडरपास से गुजरने वाले भारी वाहन थे, विशेषकर मिट्टी, रेत और बजरी से भरे ओवरलोड ट्रक और टिपर। इनका अत्यधिक भार सड़क सहन नहीं कर पाती थी और कई बार सड़क टूट जाती थी।
कुछ दिन पहले गांव भांखरपुर के एक कार्यक्रम में लोग इस समस्या को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के सामने रख चुके थे। मुख्यमंत्री ने तुरंत प्रशासन को समस्या के समाधान के निर्देश दिए। प्रशासन ने अंडरपास के नवीनीकरण पर लगभग 1.66 करोड़ रुपए खर्च किए थे, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही के कारण कुछ ही महीनों में सड़क की स्थिति फिर से खराब हो गई। बड़े गड्ढे बनने और हादसों के बढ़ते जोखिम के चलते लोगों ने विरोध प्रदर्शन और लिखित शिकायतें दी थीं।
एसडीएम अमित गुप्ता ने कहा कि यह कदम पूरी तरह लोगों की मांग पर उठाया गया है और अंडरपास की सुरक्षा सर्वोपरि है। नगर परिषद अध्यक्ष आशू उपनेजा ने बताया कि अंडरपास के दोनों तरफ जल्द ही बैरिकेड लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी, ताकि सड़क को और नुकसान न पहुंचे। इस निर्णय से स्थानीय लोग राहत महसूस कर रहे हैं और उम्मीद जताई है कि अब अंडरपास सुरक्षित रहेगा और भविष्य में किसी बड़े हादसे की संभावना कम होगी।