91.25 लाख से फिरनी और अंदरूनी सड़कों का निर्माण शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। शहर के दायरे में शामिल होने के बावजूद मौली बैदवाण के लोगों को सड़कों के निर्माण के लिए करीब 15 साल तक इंतजार करना पड़ा। गांव की फिरनी और अंदरूनी सड़कों की बदहाली से ग्रामीणों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब मोहाली नगर निगम की ओर से 91.25 लाख रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। मेयर सरबजीत सिंह समाना ने विकास कार्यों का नींव पत्थर रखा। इस मौके पर मेयर ने कहा कि नगर निगम के अधीन आने वाले गांवों का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। शहर के साथ-साथ गांवों में भी बुनियादी सुविधाएं मजबूत की जा रही हैं। सड़कों का निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित मानकों के अनुसार काम पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। वार्ड नंबर 26 के पार्षद सतविंदर सिंह मिठू ने गांव की पुरानी समस्या का समाधान करवाने के लिए मेयर का आभार जताया। इस अवसर पर वरिष्ठ डिप्टी मेयर आरपी शर्मा, डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना सहित पार्षद, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।