मोहाली। फेज-4 स्थित बोगेनविलिया पार्क के बाहर फुटपाथ पर बीते कई महीनों से लग रही अवैध रेहड़ी-फड़ियों के खिलाफ नगर निगम की तहबाजारी विंग ने लगातार दूसरे दिन भी सख्त रुख अपनाया। बुधवार को जहां अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई थी, वहीं वीरवार को पूरा दिन तहबाजारी विंग की टीम पार्क के बाहर तैनात रही और किसी भी रेहड़ी को दोबारा लगने नहीं दिया। गत दिवस को की गई कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया था।
निगम की टीम जब मौके पर पहुंची तो कई रेहड़ी संचालकों और आसपास के दुकानदारों से तीखी बहस भी हुई। बावजूद इसके टीम ने नियमों का हवाला देते हुए फुटपाथ को खाली कराया और अवैध रेहड़ियों को हटवाया। कार्रवाई के बाद पार्क के बाहर पैदल चलने वालों को कुछ राहत जरूर मिली। स्थानीय निवासियों ने निगम की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि यह अभियान केवल दो दिनों तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। वहीं तहबाजारी विंग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके।