मोहाली। सेहत विभाग की ओर से कोरोना मरीजों की सुविधा के लिए कोरोना किट मुहैया करवाई जाती है। लेकिन स्टोर में रखी कुछ किटें बारिश की वजह से खराब हो गई हैं। जिन्हें सुखाकर अस्पताल में इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि इससे यह डर भी सता रहा है कि आखिर क्या यह मरीजों के लिए सही रहेगा या नहीं। इस संबंध में सिविल अस्पताल के एसएमओ विजय भगत ने बताया कि कोरोना के मरीजों को समय पर कोरोना किट दी जा रही है। चुनाव आयोग की ओर से निर्देश दिए गए थे कि पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीरों को अस्पताल से हटाया जाए। इसके चलते फेज-11 की डिस्पेंसरी में बने स्टोर से इन 2500 कोरोना किट को मेडिकल कॉलेज में लाया गया। इन पर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर की तस्वीर लगी हुई है। ऐसे में कुछ किट बारिश के पानी के कारण खराब हो गई। वहीं, मरीजों को सिर्फ साफ किट ही दी जा रही है। इसके साथ ही हमारी कोशिश है कि स्टोर में रखे-रख्े खराब हो चुके बॉक्स से सुरक्षित सामान को निकालकर इस्तेमाल में लाया जाए। वहीं मरीजों को सिर्फ सील बंद डिब्बे ही दिए जा रहे हैं।