गुलाबगढ़ से सैदपुरा लिंक सड़क की खस्ता हालत का दृश्य।
- फोटो : MOHALI
डेराबस्सी। बरवाला रोड पर स्थित गांव सैदपुरा से गुलाबगढ़ को जाते लिंक रोड की हालत लंबे समय से खस्ता बनी हुई है। सड़क की हालत खराब होने के चलते यहां बारिश के दिनों में कीचड़ जमा रहता है। गांववासी लंबे समय से इस सड़क की हालत को सुधारने की मांग कर रहे हैं परंतु इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
जानकारी के अनुसार नगर काउंसिल ने यहां सीवरेज लाइन बिछाई है। ठेकेदार ने खुदाई के बाद सड़क का निर्माण करने की जगह उसके ऊपर मिट्टी डाल दी। ठेकेदार ने अपना काम सही तरीके से नहीं किया जिसके चलते सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इस सड़क पर हर समय टिप्पर सहित अन्य भारी वाहन गुजरते रहते हैं जिस कारण सीवरेज लाइन टूटने का खतरा भी पैदा हो गया है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से दो पहिया वाहन चालक आए दिन हादसों का शिकार बन रहे हैं। गांव वासियों ने बताया कि जब से कांउसिल ने सीवरेज लाइन बिछाई है तब से यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा ठेकेदार व नगर काउंसिल के आधिकारियों की अनदेखी के कारण सीवरेज के मैनहोल भी टूटने शुरू हो चुके हैं।
नगर काउंसिल के ईओ गुरदर्शन सिंह ने कहा कि जल्दी ही सड़क की हालत सुधार दी जाएगी। बारिश के बाद शहर की अन्य सड़कों सहित इस सड़क की भी मरम्मत करवाई जाएगी।