मोहाली। आबकारी विभाग ने शराब का अवैध कारोबार करने और बिना लाइसेंस चल रहे क्लब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त (आबकारी) पटियाला जोन के निर्देशों और सहायक आयुक्त (आबकारी) रोपड़ रेंज की निगरानी में आबकारी विभाग की टीम ने सेक्टर-79 मोहाली स्थित बॉस क्लब पर छापा मारा। यह कार्रवाई 3 जनवरी को आबकारी निरीक्षक गुरिंदर पाल के नेतृत्व में की गई। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-79 में पेट्रोल पंप के पास बना बॉस क्लब बिना किसी वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां एक व्यक्ति को क्लब का संचालन करते पकड़ा।
आरोपी की पहचान तेजिंदर सिंह निवासी फेज-11 मोहाली के रूप में हुई है। छापे के दौरान क्लब से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई है। आबकारी विभाग की टीम ने मौके से विभिन्न ब्रांड की 39 बोतल व्हिस्की और 47 बोतल वाइन और शैंपेन बरामद की। इन पर फॉर सेल इन पंजाब ओनली लिखा हुआ था। आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार आरोपी के पास क्लब चलाने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। न ही शराब रखने या परोसने की अनुमति थी। यह कार्रवाई थाना सोहाना के अधिकार क्षेत्र में की गई, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना सोहाना में मामला दर्ज किया गया है।