मोहाली। शहर को आज अपनी मोटर मार्केट मिल जाएगी। काफी लंबे समय के संघर्ष के बाद वीरवार को मोटर मार्केट के दुकानदारों को एलओआई जारी की जाएगी। कई बार इस मसले को अखबार में उजागर किया गया था। आठ साल से लंबित प्रोजेक्ट को जून माह में रेरा (रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण) ने मंजूरी दी थी। सेक्टर-65ए कंबाली में तैयार की गई मोटर मार्केट में वीरवार को समागम होगा। इसमें विधायक कुलवंत सिंह दुकानदारों को एलओआई पत्र बांटेगें। जानकारी के अनुसार दुकानदार पेवर ब्लॉक, बिजली-पानी जैसी सुविधाएं देखकर ही अपनी दुकानें शुरू करने के सपने देख रहे थे, लेकिन अलॉटमेंट लेटर के अभाव में काम रुका पड़ा था। वर्तमान में मार्केट में 229 बूथ साइट और 24 एससीओ साइट हैं, जिनको अलाट किया जाएगा। गमाडा की तरफ से चंडीगढ़ की तर्ज पर दुकानदारों और मैकेनिकों के लिए शहर में मोटर मार्केट बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में चल रही मोटर मार्केट को एक जगह शिफ्ट किया जाना था। इसके लिए गमाडा ने सेक्टर-65ए कंबाली में मार्केट भी तैयार कर दी, लेकिन गमाडा की लेटलतीफी के कारण प्रोजेक्ट लटका पड़ा था।