मोहाली। वीआईपी शहर में रविवार सुबह हुई तेज बारिश से जहां मौसम खुशनुमा हो गया, वहीं, कई इलाकों में लबालब पानी जमा हो गया। यह समस्या शहर के कई क्षेत्रों में आई। यहां तक कि कुछ पार्कों में जॉगिंग ट्रैक तक पानी में डूब गए। जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों का कहना है कि अब मानसून आने में कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। जबकि इस तरह जलभराव ने लोगों के लिए आफत खड़ी कर दी है।
बता दें कि बारिश होते ही सबसे ज्यादा जलभराव की समस्या वीआईपी शहर की इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोड पर हुई। एयरपोर्ट रोड पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 और 8बी की सड़क किनारे बारिश का पानी जमा हो गया। रोड गलियां जाम होने के कारण यह समस्या आई। हालांकि नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्घू ने कुछ दिनों पहले हुई बैठक में साफ कहा था कि शहर में मानसून सिर पर है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पहली ही बारिश में नगर निगम की लापरवाही सामने आ गई। वहीं जिस जगह पर सड़कों के निर्माण का काम चल रहा था। वहां पर काम रुकने के कारण ज्यादा परेशानी हुई। शहर की अंदरूनी सड़कों पर कुछ ऐसे प्वाइंट थे, जहां पर पानी की निकासी बुरी तरह से फेल हुई और पानी सड़कों पर जगह-जगह भरा रहा।
खरड़ में नहीं उठाया जा रहा कूड़ा, ऊपर से बारिश होने पर उठ रही भयंकर बदबू
वहीं, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल होने के कारण खरड़ में कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है और सड़कों किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं। ऊपर से बारिश होने के बाद हालात काफी खराब हो गए हैं, क्योंकि पानी पड़ने से यहां जमा कूड़े से भयंकर बदबू आ रही है। यहां से गुजरने वाले लोगों को सांस तक लेना मुश्किल हो गया है। लगातार एक महीने से सफाई न होने से गंदगी सड़कों पर पड़ी हुई है। वहीं, बारिश होने से उसमें और भी ज्यादा बदबू उठ रही है। जिसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। यह हालत खरड़ हाईवे से लेकर पूरे शहरी इलाके में बने हुए हैं, लोगों आफत में हैं। बडाला रोड, गुलमोहर सिटी निवासी प्रगट सिंह ने बताया कि उनकी सोसायटी से लेकर खरड़-लांडरां रोड तक पहुंचने तक करीब चार जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। जिनसे बदबू उठती है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद वाले केवल मंडी के पास तो कूड़े पर डीटी का छिड़काव कर देते हैं, जबकि अन्य एरिया में हालात काफी खराब हैं।