जीरकपुर। अग्रवाल सभा जीरकपुर ने सोमवार को वीआईपी रोड पर बी-ब्लॉक मार्केट में महाराजा अग्रसेन जयंती श्रद्धा और धूमधाम से मनाया। इस मौके पर सभा के पदाधिकारियों ने ज्योति प्रज्वलित कर आरती करके कार्यक्रम की शुरुआत की। सभी को महाराजा अग्रसेन जयंती की बधाई दी गई। इस मौके पर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विनोद गोयल ने महाराजा अग्रसेन के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के संबंध में बताया कि कैसे महाराजा अग्रसेन ने अग्रवाल समाज की स्थापना की। उन्होंने बताया कि कौन-कौन से गोत्र अग्रवाल समाज में आते हैं।
उन्होंने अग्रवाल समाज में आने वाले सभी गोत्र गर्ग, बंसल, बिंदल, भंदल, धरन, एरन, गोयल, जिंदल, कंसल, कुशल, मधुकुल, मंगल, मित्तल, नांगल, सिंगल, तायल, तिंगल और गोइंग गोत्र के बारे में भी जानकारी दी। इस मौके पर सभा के महासचिव संदीप कुमार ने बताया कि अग्रवाल सभा आने वाले समय में अग्रवाल समाज की भलाई के लिए बहुत से समाजसेवी कार्य करने पर भी विचार कर रही है। इसके बाद सभा ने एक विशाल भंडारे का भी आयोजन किया। इसमें सैकड़ों की संख्या में लोगों ने भंडारा ग्रहण किया। स्मोकिंग अग्रवाल सभा जीरकपुर के अध्यक्ष विनोद गोयल, महासचिव संदीप कुमार, कैशियर नवीन गोयल के अलावा अश्विनी गर्ग, गिरधारी लाल, सुरेंद्र बंसल, पुनीत कुमार और अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।