मोहाली। चंडीगढ़ से सटे जगतपुरा में कोरोना का पॉजिटिव केस आने के बाद से जिला प्रशासन ने जगतपुरा को पूरी तरह से सील किया हुआ है। इलाके में सीआरपीएफ तक लगाई गई है। वहीं, जगतपुरा की हर मूवमेंट पर प्रशासन की ओर से नजर रखी जा रही है।
वीरवार को एसएसपी कुलदीप सिंह चहल की अगुवाई वाली टीम ने इलाके का दौरा किया और यहां स्थिति का जायजा लिया। इससे पहले जिला प्रशासन और सेहत विभाग के अधिकारी पहले से वहां पर मौजूद थे। जो कि हर स्थिति पर गहराई से चिंतन कर रहे हैं। इस मौके पर एसएसपी ने कहा कि वह स्थिति का जायजा लेने के लिए आए हुए थे। वहीं, चंडीगढ़ के साथ भी उनकी टीमें संपर्क में हैं। इलाके में लोगों की जनसंख्या काफी अधिक है। ऐसे में इस क्षेत्र में खास निगरानी रखे हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर डीसी गिरीश दियालन वीरवार को नयागांव और जगतपुरा पहुंचे। उनके साथ अधिकारियों की टीमें थी। इस दौरान सारी स्थिति का जायजा लिया। इस मौके डीसी गिरीश दियालन ने बताया कि जगतपुरा और नयागांव से मायो अस्पताल में 95 सैंपल भेजे गए थे। इसमें 25 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। डीसी ने बताया कि इन 95 लोगों में से 11 को पहले ही सरकारी केंद्रों में क्वारंटीन किया हुआ है। जबकि 84 को घरों में रखा गया है। डीसी ने बताया कि बीमारी पर काबू पाने के लिए सख्ती से प्रोटोकॉल की पालना की जाएगी और बाकायदा सैनिटाइजेशन की जाएगी।