जीरकपुर। रॉयल एस्टेट निवासी 75 वर्षीय कारोबारी हर्षधीर ने अपने कर्मचारी पर 3.20 लाख रुपये, चेक और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर भागने का आरोप लगाया है। थाना जीरकपुर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनका टेक्सटाइल का कारोबार है। कार्यालय एससीओ 82/83, रॉयल एस्टेट मार्केट में है। उनके पास करीब दो वर्षों से स्वपनिल दुबे निवासी पूर्व मेदिनीपुर पश्चिम बंगाल कार्यरत था। उसे 31 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता था।
31 जनवरी 2026 को कैशियर के अवकाश पर होने के कारण हर्षधीर ने आरोपी को 1.90 लाख रुपये का चेक आईडीबीआई बैंक के और 1.30 लाख रुपये नगद रेस्टोरेंट क्लोव वीआईपी रोड चंडीगढ़ सिटी सेंटर के इंचार्ज को देने के लिए सौंपे थे। आरोप है कि इसके बाद आरोपी न तो दफ्तर लौटा और न ही फोन उठाया। रेस्टोरेंट इंचार्ज ने भी भुगतान न मिलने की पुष्टि की। बैंक से पूछताछ में पता चला कि संबंधित चेक प्रस्तुत ही नहीं किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि कार्यालय की अलमारी खुली मिली और आरोपी महत्वपूर्ण कागजात व डाटा भी साथ ले गया। उनके दुरुपयोग से नुकसान की आशंका है।