मोहाली। 2016 में डेराबस्सी में हुए एक फायरिंग मामले में नामजद गैंगस्टर भूप्पी राणा और गैंगस्टर गौरव अरोड़ा को सोमवार को जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पिछली सुनवाई दौरान दोनों को मोहाली कोर्ट में पेश करने के निर्देश दिए थे। गैंगस्टर भूप्पी राणा को नाभा जेल और गैंगस्टर गौरव आरोड़ा को पानीपत जेल से गवाही देने लाया गया था। बता दें कि 2016 में डेराबस्सी में महतपुर के रहने वाले दलबीर सिंह पर फायरिंग हुई थी। इस हमले में दलबीर सिंह की टांगों पर करीब सात फायर किए गए थे और यह हमला भूप्पी राणा गैंग के गुर्गों ने किया था। इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इनमें आठ लोगों का बाद में समझौता हो गया था। लेकिन गैंगस्टर भूप्पी राणा और गौरव अरोड़ा भगोड़ा घोषित किए गए थे, जिन्हें बाद में मामले में नामजद किया गया था। इसी मामले में पिछली तारीख पर भूप्पी राणा को जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया था। वहीं, गौरव अरोड़ा को पानीपत पुलिस ने वीसी से भी पेश नहीं किया। इस पर अदालत ने दोनों को अदालत लाने के आदेश दिए थे।