मोहाली। डीसी कोमल मित्तल ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से घोषित एकमुश्त निपटान (ओटीएस) योजना के तहत शहरी क्षेत्रों के निवासियों को अपने प्रापटी टैक्स के भुगतान में सुविधा प्रदान करने के लिए जिले के सभी नगर परिषद कार्यालय शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे। जिले के निवासियों से इस योजना का पूरा लाभ उठाने की अपील करते हुए डीसी ने कहा कि बिना जुर्माने और ब्याज के बकाया भुगतान की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2025 तक है। उन्होंने कहा कि इस समय सीमा के बाद, लागू जुर्माने और ब्याज के साथ वसूली की जाएगी। नागरिकों से मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि जिले में 1 जुलाई से अब तक कुल 27.35 करोड़ रुपये का प्रापटी टैक्स वसूला जा चुका है। नगर परिषदों में, जीरकपुर 16.88 करोड़ रुपये के संग्रह के साथ शीर्ष पर है। उसके बाद खरड़ (4.78 करोड़ रुपये), डेराबस्सी (2.62 करोड़ रुपये) और लालड़ू (1.18 करोड़ रुपये) का स्थान है। अन्य महत्वपूर्ण योगदानों में कुराली (75 लाख रुपये), नयागांव (63.25 लाख रुपये) और बनूड़ (48 लाख रुपये) शामिल हैं।
साथ ही पिछले वर्ष संपत्ति कर का भुगतान न करने वाले संपत्ति मालिकों की सूची तैयार कर ली गई है और नगर परिषद उनसे संपर्क कर उन्हें इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। यदि वे इस अवधि में कर का भुगतान नहीं करते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।