मोहाली। शहर में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए खोदी गई फेज-11 से बलौंगी रोड को नए सिरे से बनाने का काम शुरू हो गया है। 10 करोड़ की लागत से दो माह में काम पूरा होने की उम्मीद है।
सड़क का काम पूरा हो जाने के बाद हजारों लोगों का फायदा होगा। इसके साथ ही शहर की अन्य सड़कों पर भी यातायात का दबाव कम हो जाएगा। मंगलवार को नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने सड़क का काम शुरू करवाया। इस मौके पर सीनियर डिप्टी मेयर अमरीक सिंह सोमल और डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी भी मौजूद रहे।
मेयर जीती सिद्धू ने कहा कि शहर के लोगों को सीवरेज जाम की समस्या से बचाने के लिए नई लाइन डाली गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम मानसून के मौसम की शुरुआत से पहले सड़क को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
पहले छोटा था पाइप का आकार
मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि अमृत योजना के तहत सीवरेज लाइन की पूरी परियोजना का काम चल रहा है। इसमें नगर निगम लागत का 20 प्रतिशत, 30 प्रतिशत राज्य सरकार और 50 प्रतिशत केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू खुद इस परियोजना में दिलचस्पी ले रहे है। उन्होंने कहा कि पहले सीवरेज पाइप का आकार छोटा होने और जगह-जगह पाइपलाइन धंसने से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ती थी। यह लाइन आने वाले 30 सालों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।