मोहाली। भारतीय चुनाव आयोग ने आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत बूथ लेवल के अधिकारियों (बीएलओ) की देशभर में नेशनल लेवल ट्रेनिंग शुरू कर दी है। इसके तहत जिले में बीएलओ अधिकारियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह 17 जुलाई तक चलेगा। शुक्रवार को खरड़ और डेराबस्सी से जुड़े बीएलओ का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। खरड़ के बीएलओ के लिए यह सेशन रियात बहारा यूनिवर्सिटी में जबकि डेराबस्सी क्षेत्र के बीएलओ के लिए श्री सुखमणि इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को उनके रोजमर्रा के चुनावी कार्यों के साथ-साथ बीएलओ एप की ट्रेनिंग भी दी गई। इसमें बताया गया कि किस तरह एव से मतदाता सूची को अपडेट करना है। नए वोटर्स को जोड़ना है। फील्ड से डेटा इकट्ठा कर समय पर अपलोड करना है। अधिकारियों को एप के तकनीकी इस्तेमाल में आने वाली दिक्कतों और उनके समाधान भी बताए। इस दौरान सिर्फ ट्रेनिंग ही नहीं, एक असेस्मेंट टेस्ट भी लिया गया। इसमें चुनाव से जुड़े जरूरी प्रश्न पूछे गए। यह टेस्ट मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब की टीम द्वारा तैयार किया गया था। यह ट्रेनिंग एसडीएम-सह-रजिस्ट्रेशन ऑफिसर और असेंबली लेवल मास्टर ट्रेनर द्वारा दी गई।