नयागांव। मुल्लांपुर बैरियर से करीब 300 मीटर दूर टैक्सी ड्राइवर धर्मपाल का गला रेतकर कत्ल होने के बाद अब तक कातिलों का पता नहीं चला है। पुलिस अभी आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। वहीं, इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस से भी संपर्क किया गया है और आईएसबीटी-43 से लेकर मुल्लांपुर के रास्ते तक आने वाले सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
इसके अलावा टैक्सी के आने के रूट की भी जांच हो रही है। इस केस की खुद डीएसपी धर्मवीर सिंह जांच कर रहे हैं। उनका दावा है कि उन्हें कुछ इनपुट मिल गए हैं और जल्द ही वह आरोपियों को पकड़ लेंगे। इसके अलावा पुलिस कैब एजेंसियों से भी जानकारी ले रही है।
बता दें कि 31 जुलाई की रात करीब नौ बजे टैक्सी ड्राइवर धर्मपाल हाल वासी जीरकपुर आईएसबीटी से सवारी उठाकर छोड़ने गया था कि मुल्लांपुर बैरियर के पास आरोपियों ने उसका कत्ल कर दिया। इसके बाद से कैब चालकों में रोष देखने को मिला और उन्होंने एक अगस्त को टैक्सी सेवा ठप रखी थी। इस कारण लोगों को परेशानी हुई। उनकी मांग थी कि परिवार को पांच लाख रुपये की मुआवजा राशि और सरकारी नौकरी दी जाए। वहीं, टैक्सी चालक कातिलों के पकड़े जाने तक शव वहां रखकर प्रदर्शन करने वाले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया था। कैब एसोसिएशन के महासचिव जसप्रीत सिंह ने बताया कि तीन अगस्त को हड़ताल की अभी योजना नहीं है। परिवार को इंसाफ नहीं मिला तो जल्द ही योजना बनाकर प्रदर्शन किया जाएगा।