मोहाली। कोरोना महामारी को लेकर लगे लॉकडाउन के कारण हर क्षेत्र को नुकसान हो रहा है। लेकिन इस महामारी की सबसे ज्यादा मार टैक्सी चालकों पर पड़ी है। क्योंकि उनका कारोबार ही लोगों की आवाजाही की वजह से है। जब यह महामारी आई तब से यह कारोबार पूरी तरह से ठप है।
इस कारण लोगों को घर के खर्च के साथ ही गाड़ी की किस्तें तक निकालना मुश्किल हो गई है। मजबूरी में ट्रैक्सी चालक सब्जी बेच रहे हैं या अन्य काम कर रहे हैं, जिससे अपने परिवार को पाल सकें। इसी मामले को लेकर यूथ ऑफ पंजाब संस्था के प्रधान परमदीप सिंह बैदवान ने जिला योजना कमेटी के चेयरमैन विजय शर्मा टिंकू से मुलाकात की और उन्हें राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि इस हालत में इन लोगों की मदद की जाए।
इस मांग पत्र में कहा गया है कि लॉकडाउन के बाद बेशक दुकानें खुलना शुरू हो गई हैं। लेकिन ऐसे कई काम बंद पड़े हैं जिनसे सैकड़ों परिवार जुड़े हैं। उन्हीं में टैक्सी चालकों का काम शामिल है। उन्होंने पत्र में कहा है कि इन लोगों के पास जो सेविंग थी। अब वह भी पूरी तरह से खर्च हो चुकी है। ऐेसे में उक्त परिवारों की मदद की जाए। टैक्सी चालकों की गाड़ियों की किस्तें बिना ब्याज के एक साथ आगे की जाएं। टैक्सी गाड़ियों के बीमे में 50 फीसदी छूट मिले। टैक्सी गाड़ियों का स्टेट टैक्स, पासिंग परमिट फीस एक साल तक माफ की जाए। टैक्सी चालकों की हर महीने आर्थिक मदद दी जाए। इस मौके पर गुरप्रीत सिंह बब्बू मोहाली, गुरजीत सिंह और उनके साथी टैक्सी ड्राइवर भी शामिल थे।