चालक गंभीर रूप से घायल, चार महीने में एक्सप्रेसवे पर तीन बड़े हादसों में छह लोगों की जा चुकी है जान
मोहाली/खरड़। आईटी सिटी-कुराली एक्सप्रेसवे पर गांव रंगिया के पास 4 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे सड़क किनारे खड़े वाहन से टैक्सी टकरा गई। हादसे में टैक्सी में सवार कुरुक्षेत्र निवासी 40 वर्षीय वरुण गोयल की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, वरुण ने मोहाली से होशियारपुर जाने के लिए टैक्सी किराये पर ली थी। गांव रंगिया के पास सड़क किनारे बिना इंडिकेटर जलाए एक वाहन खड़ा था। टैक्सी चालक उसे देख नहीं पाया और कार सीधे उससे टकरा गई। टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने दोनों घायलों को फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने वरुण को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता राकेश कुमार ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद खड़े वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सदर खरड़ थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार महीने में छह लोगों की जा चुकी है जान
आईटी सिटी-कुराली एक्सप्रेसवे पर इससे पहले 16 अक्टूबर को मछली कलां के पास कार-ट्रक की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 17 जुलाई को बजहेड़ी टोल प्लाजा के पास कंटेनर से एसयूवी टकराने पर तीन लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा और सड़क किनारे खड़े वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।