हफ्तेभर चली सुपर सेक्शन मशीन, फिर बंद सीवर सफाई को भेजा ट्रैक्टर
हल्लोमाजरा में मशीन की जगह ट्रैक्टर पहुंचने पर सामाजिक कार्यकर्ता ने लौटाया, रोजाना फोटो और जियो-टैग्ड रिपोर्ट की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। हल्लोमाजरा में सीवर सफाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सीवर लाइन की सफाई के लिए सुपर सेक्शन मशीन करीब एक सप्ताह तक क्षेत्र में आई लेकिन इसके बाद उसकी सेवा बंद हो गई। मंगलवार रात सुपर सेक्शन मशीन की जगह ट्रैक्टर भेजे जाने पर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद सिंह ने उसे वापस भेज दिया। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की।
अरविंद सिंह ने कहा कि सीवर सफाई के लिए मशीन की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है। ऐसे में निगम अधिकारियों को साफ करना चाहिए कि क्षेत्र में मशीन क्यों नहीं भेजी जा रही और सफाई का काम किस व्यवस्था के तहत कराया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि हल्लोमाजरा में हर दिन मशीन की मौजूदगी और सीवर सफाई की फोटो के साथ जियो-टैग्ड रिपोर्ट तैयार की जाए। यह रिपोर्ट निगम कमिश्नर और संबंधित अधिकारियों के ग्रुप में साझा की जाए ताकि मशीन की उपलब्धता और काम की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। जिस दिन मशीन क्षेत्र में न पहुंचे, इसकी तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को देकर शिकायत दर्ज कराने की भी मांग की गई। अरविंद सिंह ने कहा कि जांच में यदि ठेकेदार की ओर से तय शर्तों का उल्लंघन सामने आता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।