मोहाली। वेव एस्टेट सेक्टर-85 और 99 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर कमेटी ने मंदिर के लिए जमीन आवंटित होने और वेव एस्टेट बिल्डर के साथ लीज डीड साइन होने की खुशी में विशेष धार्मिक कार्यक्रम किया। सार्वजनिक ड्रा के माध्यम से मंदिर को साइट नंबर-2 (अटलांटिस अपार्टमेंट्स के पास) मिलने के बाद पहली बार कमेटी और निवासियों ने मिलकर उत्सव मनाया। कार्यक्रम के दौरान श्री सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके साथ ही वेव एस्टेट महिला कीर्तन मंडली ने भक्ति भाव से कीर्तन प्रस्तुत किया, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग से भर दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे वेव एस्टेट के निवासियों ने जमीन मिलने की खुशी साझा की। इस मौके पर मंदिर समिति के प्रधान सेवादार किरण पाल बग्गा ने प्रभु का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वेव एस्टेट निवासियों और वेव अधिकारियों के सहयोग से यह संभव हुआ है। भगवान के आशीर्वाद से जल्द ही इसी जगह पर एक विशाल और भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम में मंदिर समिति के महासचिव आशु शर्मा, कोषाध्यक्ष सुनील दत्त सहित कमेटी के सभी सदस्य और वेव एस्टेट के कई गणमान्य निवासी मौजूद रहे।