मोहाली। कॉल सेंटर में काम करने वाली बलजिंदर कौर की एक सिरफिरे युवक सुखचैन सिंह ने 8 जून को बीच सड़क तलवारों से काटकर उसकी हत्या कर दी थी। हत्या के आरोपी सुखचैन सिंह की फरार होते समय ऑटो से टकराने के बाद टांग में फ्रैक्चर आया था। जिसका सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा था। आरोपी सुखचैन की सर्जरी के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। आरोपी सुखचैन पुलिस कस्टडी में फेज-1 थाने में बंद है। सुखचैन 12 जून तक पुलिस रिमांड पर था। वीरवार को उसे दोबारा से मोहाली कोर्ट में पेश किया जाएगा। सुखचैन के खिलाफ फेज-1 थाने में हत्या का मामला दर्ज है। वहीं, उसके खिलाफ इसी थाने में पुलिस मुलाजिम पर कातिलाना हमला करने का भी मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में उसे इरादा कत्ल की धाराओं के तहत नामजद किया गया है। इस मामले की सुनवाई अलग से होगी।
सुखचैन समराला का रहने वाला था। उसने इसी माह 1 जून को पेट्रोल पंप से नौकरी छोड़ी थी। वह बलजिंदर कौर से शादी करना चाहता था लेकिन बलजिंदर कौर इसके लिए तैयार नहीं थी। सिरफिरे सुखचैन ने इस बात से तैश में आकर 8 जून की सुबह फेज-5 में नौकरी पर आते समय बलजिंदर कौर पर तलवारों से हमला कर दिया था। उसने बलजिंदर कौर को बीच सड़क काट दिया था। बलजिंदर कौर पर 15 के करीब तलवारों से वार किए गए थे। उसके बाद वह फरार हो गया था जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया था। जब पुलिस उसे पकड़ने गई थी तो उसने पुलिस मुलाजिम पर भी हमला कर दिया था।