व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ रूबरू हुए सुखबीर बादल, कारोबार से जुड़ी समस्याओं पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने बुधवार को खरड़ में व्यापारियों और उद्योगपतियों से मुलाकात की। उन्होंने कारोबार से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। बादल ने सरकार बनने पर अनियमित कॉलोनियों को नियमित करने का एलान किया। उन्होंने इन कॉलोनियों में संपत्तियों की खरीद-फरोख्त के लिए एनओसी की शर्त खत्म करने का भी भरोसा दिया। यह बैठक हलका इंचार्ज रविंदर सिंह खेड़ा ने आयोजित की थी। इसमें विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में अनियमित कॉलोनियों, एनओसी, जीएसटी और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दे उठे। सुखबीर बादल ने कहा कि अनियमित कॉलोनियों को मौजूदा स्थिति के आधार पर नियमित किया जाएगा। उन्होंने नया बिल्ड पंजाब विभाग बनाने और सभी मंजूरियां एक महीने में देने का भरोसा दिया। छोटे दुकानदारों के लिए सालाना एक हजार रुपये की एकमुश्त जीएसटी योजना दोबारा लागू करने की बात भी कही गई।
व्यापारियों की मांगें और बादल का आश्वासन
प्रॉपर्टी डीलर्स एसोसिएशन के ज्योति लाल भारद्वाज और खरड़ आढ़तिया एसोसिएशन के सुनील अग्रवाल ने अपनी मांगें रखीं। चनालोन फोकल पॉइंट एसोसिएशन के एएल चौधरी ने फैक्टरियों को नियमित करने का मुद्दा उठाया। सुखबीर बादल ने व्यापारियों से रविंदर सिंह खेड़ा को खरड़ से विधायक चुनने की अपील की। इस अवसर पर एनके शर्मा, जिला प्रधान परमिंदर सिंह सोहाना और एसजीपीसी सदस्य अजमेर सिंह खेड़ा सहित अन्य नेता मौजूद थे।