जीरकपुर। बलटाना में अपने प्रेमी के साथ लिवइन रिलेशन में रहने वाली एक युवती ने मंगलवार को दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी अस्पताल पहुंचाया और मृतका के पिता की शिकायत पर प्रेमी के खिलाफ रेप सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। मृतका की पहचान पंचकूला सेक्टर-20 पार्ट-2 के रूप में हुई है। आरोपी प्रेमी की पहचान जितेंद्र हालवासी गोल्डन एस्टेट (बलटाना) और मूलरूप से यूपी के जिला रायबरेली के रूप में हुई है, जिसकी तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस को दर्ज करवाए बयान में मृतका के पिता ने बताया कि आरोपी जितेंद्र पहले उनके घर के सामने के एक मकान में रहता था। उसने उसकी बेटी को अपनी बातों के जाल में फंसा लिया। करीब 10 दिन पहले उसकी बेटी ने बगावत करते हुए जितेंद्र के साथ बलटाना में आकर रहना शुरू कर दिया। जितेंद्र ने उसकी बेटी के साथ शादी किए बिना जबरदस्ती संबंध बनाने शुरू कर दिए, जिसका जिक्र उसकी बेटी ने कई बार फोन करके किया था।
मंगलवार को पुलिस चौकी से फोन आया कि उसकी बेटी ने सुसाइड कर लिया है। मृतका के पिता का आरोप है कि जितेंद्र की हरकतों से परेशान होकर उसकी बेटी ने आत्महत्या की है।
जांच अधिकारी एएसआई नाथी राम ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस पार्टी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद फंदे से लटक रही युवती के शव को उतारकर डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के अलावा आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की, लेकिन आरोपी जितेंद्र का पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला।
बाक्स
खुद को शादीशुदा बताकर रूम लिया था किराए पर
पुलिस की प्राथमिक जांच में अभी तक यह सामने आया है कि दोनों ने मकान मालिक के सामने खुद को शादीशुदा बताया था। वहीं, दस दिन पहले ही दूसरी मंजिल पर एक कमरा किराए पर लिया था, जिसका रेंट एग्रीमेंट तो बना है, लेकिन मकान मालिक अवतार सिंह द्वारा पुलिस अधिकारियों के पास वेरिफिकेशन अभी तक नहीं करवाई गई। पुलिस ने मकान मालिक अवतार सिंह को डीसी के आदेशों की उल्लंघना करने का आरोपी पाया है, जिसकी जांच चल रही है।