डेराबस्सी। सरकारी कॉलेज के विद्यार्थियों ने पटियाला यूनिवर्सिटी की ओर से ऑफलाइन पेपर लेने के विरोध में बारिश के बावजूद कॉलेज के गेट आगे प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया। विद्यार्थियों ने मांग करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान उनकी पढ़ाई ऑनलाइन करवाई गई है। इसके चलते परीक्षा ऑफलाइन के बजाय ऑनलाइन ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला अब धक्केशाही करते हुए परीक्षा ऑफलाइन लेने की बात कह रही है। इस मौके पर इसका विरोध करते बी.काम. पांचवें सेमेस्टर के छात्र मोहित शर्मा, करन, साहिल, सिमरन शर्मा, बी.ए. के छात्र साहिल, कमल, कोमल, शिवानी, जसप्रीत, बीसीए के अमन गुप्ता, अजय, गगनदीप, हरीश, गौरव, अमनीत, गुरप्रीत, धर्मवीर सहित अन्य ने बताया कि यूनिवर्सिटी ने कोरोना कॉल में ऑनलाइन पढ़ाई करवाई है। उनके पास इसके ऑनलाइन नोट्स भी मौजूद हैं। अब पटियाला यूनिवर्सिटी उनको परेशान करने के लिए यह कह कर ऑफलाइन पेपर लेने की जिद पर अड़ी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में ऑफलाइन परीक्षा में लगातार देरी हो रही है। इस कारण छात्रों की पढ़ाई का काफी नुुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगले सेमेस्टर की पढ़ाई में देरी हो रही है। इस कारण उनकी पढ़ाई खराब हो रही है। वहीं, फिर से कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए सरकार ने स्कूल, कॉलेज बंद करवा दिए हैं। इस कारण उनकी परेशानी ओर अधिक बढ़ गई है। विद्यार्थियों ने पंजाब सरकार समेत शिक्षा मंत्री और यूनिवर्सिटी के उच्च अधिकारियों से मांग करते हुए पेपर ऑनलाइन लेने की गुहार लगाई है। जिससे वह अपने पेपर देकर अगले सेमेस्टर की पढ़ाई जल्द से जल्द शुरू कर सकें।
इस बारे में सरकारी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. अमनदीप कौर ने कहा कि इस मामले में यूनिवर्सिटी की ओर से अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए फिर से कॉलेज बंद हो गए हैं। यह देखकर उनको निजी तौर पर लगता है कि अब पेपर भी ऑनलाइन ही होंगे। उन्होंने कहा कि इस बारे में अंतिम फैसला पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला की ओर से लिया जाना है। उन्होंने दावा किया है कि वह अपने स्तर पर छात्रों की इस मांग को यूनिवर्सिटी तक पहुंचा देंगे।