मोहाली। संविधान दिवस के अवसर पर मोहाली के शिक्षण संस्थानों में स्वीप अभियान के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी आदित्य डचवाल के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रतियोगिताओं और जनसंपर्क के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूक किया। जिला स्वीप नोडल अधिकारी प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने सेंट सोल्जर स्कूल, फेज-7 में विद्यार्थियों को मतदान, ईवीएम-वीवीपैट और मतदाता पंजीकरण की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने फेज-7 मार्केट और आसपास की कॉलोनियों में जागरूकता अभियान चलाया। लोगों को 6 दिसंबर को होने वाले विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर के बारे में भी बताया गया।
प्रो. अंटाल ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता के रूप में पंजीकृत करवाना स्वीप अभियान की प्राथमिकता है। इस अवसर पर स्वीप टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।