मोहाली। जिले में रविवार सुबह आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई है। इस दौरान कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए, जिनसे कई कारों को नुकसान पहुंचा है। बिजली की तारें टूटने से पूरा दिन खरड़ और मोहाली में बिजली सप्लाई ठप रही। खरड़ और मोहाली के कुछ एरिया में आसमानी बिजली गिरने का मामला सामने आया है। जिससे कुछ घरों के शीशे और बिजली के उपकरण तक जल गए। वहीं, आंधी की वजह से सुबह 8 बजे शाम 6 बजे तक कई एरिया मे बिजली सप्लाई बाधित रहीं। जिस वजह से लोग पानी तक को तरस गए हैं। जबकि पावरकॉम की हेल्पलाइन भी पूरी तरह से हेल्पलेस नजर आई। शिकायत दर्ज करने के बाद ऐसे लाइनोंमैन के फोन नंबर लोगों को दिए गए हैं जो कि पूरा दिन बंद ही चलते रहे। यह समस्या सबसे ज्यादा खरड़ एरिया में आई। लोगों ने सीएम से गुहार लगाई है कि खरड़ एरिया में सबसे ज्यादा बिजली की दिक्कत आ रही है। एरिया की समस्या को पहल के आधार हल किया जाए।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को सुबह ही अचानक मौसम बदल गया था। अचानम काले बादल छा जाने के साथ ही तेज आंधी चलना शुरू हो गई थी। इसके बाद लाइट भी गुल हो गई। देखते ही देखते दिन में रात जैसे हालत बन गए हैं। कई इलाकों में बिजली की तारें टूट गई हैं। फेज-7 के मकान नंबर 2200 के सामने पार्क में लगा बड़ा पेड़ कार पर गिर गया, जिससे कार को नुकसान पहुंचा है। इसी तरह शापिंग स्ट्रीट की मुख्य सड़क पर फेज 3बी2 की मार्केट के सामने पेड़ पुलिस नाके के पास गिरा। बारिश के चलते पुलिस मुलाजिम शोरूमों के बरामदे में खड़े हो गए थे, नहीं तो उनकी जान तक जा सकती थी।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होते ही पूर्व पार्षद कुलजीत बेदी ने नगर निगम की टीम को बुलाकर पेड़ सड़क के बीच से हटवाया।
इसके अलावा बलौंगी कुंभड़ा रोड पर शाहीमाजरा में सड़क किनारे एक पेड़ गिर गया। इसके अलावा शहर की कई सड़कों और एयरपोर्ट रोड पर पेड़ों की टहनियां टूट कर गिर गई।
खरड़ में शाम 6 बजे तक गुल रही बिजली
सुबह बिगड़े मौसम के कारण बिजली की समस्या सबसे ज्यादा खरड एरिया में रही। यहां की अनाज मंडी से लगते इलाके में जरा सी बारिश होते ही बिजली चली जाती है और रात को अंधेरा छाया रहता है। यहां तक कि इलाके के जो बिजली शिकायत नंबर विभाग द्वारा जारी किए जाते हैं वे बंद रहते हैं। इससे स्थानीय लोग काफी परेशान रहते हैं, जबकि इस मामले को विभाग गंभीरता से नहीं ले रहा है। कई बार इस मामले को अधिकारियों के सामने उठाया जा चुका है। जबकि बिजली विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि मुलाजिमों की कमी है। इस बारे में गुलमोहर सिटी निवासी आशीष पराशर ने बताया कि यह मामला काफी गंभीर है। वह इस संबंधी सीएम को पत्र लिखेंगे। इन दिनों ज्यादातर लोग वर्क फ्रॉम होम पर चल रहे हैं, जबकि विभाग बिजली कट लगाने से बाज नहीं आ रहा है। मुलाजिम हायर करना पावरकॉम का काम है। हम लोग तो समय से बिल भरते हैं।
नयागांव और कांसल में भी हालत खराब
बिजली सप्लाई को लेकर नयागांव और कांसल एरिया में भी लोग परेशान होते रहे। रविवार को शाम साढ़े 5 बजे तक कई एरिया में लाइट बंद रही। इसके अलावा कुछ एरिया में 6 बजे दोबारा लाइट चली गई। लोगों का कहना कि यह इलाके चंडीगढ़ से सटे हैं। अगर इन इलाकों में यह हालत हैं तो अन्य इलाकों में क्या होता होगा, इसे सब जानते हैं।