बुधवार को हड़ताल के चलते बंद रहे थे सभी क्लीनिक
मोहाली। एक दिन तक इलाज के लिए परेशान रहे मरीजों को वीरवार को राहत मिली। बुधवार को हड़ताल के कारण बंद रहे जिले के सभी 56 आम आदमी क्लीनिक दोबारा खुल गए और स्वास्थ्य सेवाएं बहाल हो गईं। क्लीनिकों में मरीज डॉक्टरों से परामर्श लेने, जांच करवाने और दवाएं लेने पहुंचे। क्लीनिक बंद रहने से सामान्य बीमारियों के इलाज और नियमित दवाओं के लिए इन पर निर्भर मरीजों को परेशानी हुई थी। कई लोगों को दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करना पड़ा। क्लीनिक असिस्टेंट जसवीर कौर ने बताया कि वीरवार से सभी केंद्रों में पहले की तरह कामकाज शुरू हो गया है। कर्मचारियों की मांगों को लेकर यूनियन की सरकार से बातचीत जारी है। उधर, आम आदमी क्लीनिक साझा फ्रंट, पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष को 4 दिसंबर को कैबिनेट सब-कमेटी के साथ बैठक के लिए बुलाया गया है।