मोहाली। डेंगू पर नियंत्रण पाने और इसके मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पानी से भरे कंटेनरों की जांच कर रही हैं। फेज-2 के शोरूम नंबर-7 में रहने वाले विनोद नामक व्यक्ति को बुखार की शिकायत होने पर उसने फेज-6 के सिविल अस्पताल में जांच करवाई। जांच में उसके मलेरिया से पीड़ित होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत संबंधित इलाके के शोरूमों की जांच शुरू की। इस दौरान शोरूम नंबर-10 के पीछे टूटे-फूटे सामान में पानी भरा मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में लारवा पनप रहा था। टीम ने मौके पर ही पानी को साफ कर दवा का छिड़काव कर लारवा नष्ट किया। टीम में गुरजीत सिंह, भुपिंदर सिंह, अवतार सिंह व अन्य सदस्य शामिल थे।