छत लाइट से चर्च गेट तक 24 घंटे रहेगी निगरानी, 10 माह में 6.47 लाख के काटे चालान, हेलमेट नहीं पहनने के सबसे ज्यादा मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब और सख्ती बरती जाएगी। शहर के पांच प्रमुख जंक्शनों पर जल्द ही 105 नए हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों से ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट जंप और बिना हेलमेट वाहन चलाने जैसे उल्लंघनों पर नजर रखी जाएगी। वर्तमान में औसतन हर 53 सेकंड में एक ई-चालान जारी हो रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने उन पांच जंक्शनों की पहचान की है जहां सबसे ज्यादा नियमों का उल्लंघन होता है। इन स्थानों पर सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है। नियम तोड़ने पर वाहन की तस्वीर और वीडियो के आधार पर ई-चालान जारी होगा। इसकी सूचना वाहन मालिक के मोबाइल पर भेजी जाएगी। पिछले करीब दस महीनों में आईटीएमएस कैमरों के जरिये 6,47,398 ई-चालान जारी किए गए हैं। इस अवधि में 11 करोड़ 67 लाख 10 हजार 500 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन औसतन करीब 1600 और हर घंटे लगभग 68 ई-चालान जारी हुए। डीएसपी ट्रैफिक करनैल सिंह ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने सर्वे के बाद इन जंक्शनों की पहचान की है। उन्होंने वाहन चालकों से अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया।
कैमरे लगाने के स्थान और प्रकार
नए कैमरे एयरपोर्ट रोड की छत लाइट, मोहाली सिटी सेंटर लाइट्स, फेज-10 स्थित पीसीए स्टेडियम लाइट्स, चंडीगढ़ रोड पर जगतपुरा टी-पॉइंट और फेज-3ए स्थित चर्च गेट पर लगेंगे। इन पांच स्थानों पर कुल 105 कैमरे लगाने की योजना है। छत लाइट पर सबसे ज्यादा 33 कैमरे लगाए जाएंगे। इसके बाद मोहाली सिटी सेंटर लाइट्स पर 28, पीसीए स्टेडियम लाइट्स पर 20, जगतपुरा टी-पॉइंट पर 18 और चर्च गेट पर छह कैमरे लगेंगे। इनमें 55 एएनपीआर, 35 आईआर एचडी बुलेट और 15 आरएलवीडी कैमरे शामिल हैं।
हेलमेट न पहनना सबसे बड़ी लापरवाही
कैमरों से दर्ज उल्लंघनों में हेलमेट नहीं पहनने के मामले सबसे अधिक हैं। दस महीने के आंकड़ों के अनुसार, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 2,86,324 चालान किए गए। पीछे बैठने वाले यात्री के हेलमेट नहीं पहनने पर 1,70,295 चालान हुए। ओवरस्पीडिंग के 93,635 और रेड लाइट जंप करने के 66,511 चालान भी जारी हुए। ट्रिपल राइडिंग के 16,251, ट्रैफिक संकेतों की अवहेलना के 8,795 और स्टॉप लाइन पार करने के 5,478 मामले भी दर्ज हुए।
10 महीने में करीब साढ़े 6 लाख के करीब ई-चालान किए जा चुके हैं और जुर्माना भी वसूल किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने सर्वे के बाद पांच ऐसे जंक्शनों की पहचान की है, जहां सबसे ज्यादा नियमों का उल्लंघन होता है। इन स्थानों पर नए आईटीएमएस कैमरे लगाए जा रहे हैं। वाहन चालकों को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। - करनैल सिंह, डीएसपी ट्रैफिक, मोहाली