जीरकपुर। नववर्ष के आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। इसी कड़ी में बलटाना पुलिस ने रविवार को बस स्टैंड और क्षेत्र के प्रमुख होटलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व पुलिस चौकी बलटाना के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य नववर्ष के जश्न के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस टीम ने सबसे पहले बलटाना बस स्टैंड पहुंचकर वहां खड़ी विभिन्न रूटों की बसों की गहनता से जांच की। इस दौरान यात्रियों से पूछताछ की गई और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई। पुलिस ने यात्रियों से उनके गंतव्य और पहचान संबंधी जानकारी भी ली, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बसों के अंदर रखे सामान की भी बारीकी से जांच की। इसके साथ ही पुलिस टीम ने क्षेत्र के कई होटलों और गेस्ट हाउसों पर भी छापा मारा। होटलों में ठहरे लोगों के रजिस्टर जांचे गए और उनकी पहचान का सत्यापन किया गया। होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहराने की अनुमति न दी जाए। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि होटल प्रबंधन नियमों का पालन कर रहा है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नववर्ष के अवसर पर बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह चेकिंग अभियान चलाया गया। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। इस मौके पर सब-इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि नव वर्ष को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।