डेराबस्सी। क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला पंजाबी बाग से साधु नगर को जाने वाली गली का है, जहां आवारा कुत्तों ने दो व्यक्तियों को काटकर घायल कर दिया। घायल अमरचंद गुप्ता और बलदेव राज गुप्ता हैं। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के संबंध में घायल अमरचंद गुप्ता और बलदेव राज गुप्ता ने बताया कि वे शाम के समय घर से टहलने के लिए निकले थे। जैसे ही वे पंजाबी बाग से साधु नगर जाने वाली गली में पहुंचे, वहां झुंड में बैठे आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। दोनों को बचने का मौका भी नहीं मिला और कुत्तों ने उन्हें काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर दोनों को अस्पताल ले जाया गया।
इलाके के लोगों ने बताया कि इस गली समेत आसपास की कॉलोनियों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक है। लोग खासकर सुबह और शाम के समय बाहर निकलने से कतराने लगे हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह समस्या और भी गंभीर बन चुकी है। कई बार नगर परिषद और प्रशासन को इस बारे में शिकायत दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।