लालड़ू। एटीएम कार्ड चोरी कर 90 हजार रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि प्रशांत त्रिपाठी निवासी मोहाली ने उन्हें शिकायत दी है कि वह 10 जनवरी को सरकारी हाई स्कूल लालड़ू के नजदीक खेल स्टेडियम में क्रिकेट का मैच खेलने के लिए आया हुआ था। उसने अपना पर्स और एक मोबाइल फोन क्रिकेट की किट में रख दिया था और मैदान में खेलने के लिए चला गया। इसी समय किसी अज्ञात चोर ने उसका पर्स और मोबाइल फोन चुरा लिया, पर्स में उसके जरूरी दस्तावेजों के अलावा एटीएम कार्ड भी मौजूद थे।
अज्ञात चोर ने उसके एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर उसके खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए। इसका पता उसे तब चला, जब उसे फोन पर उसके बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। त्रिपाठी ने बताया कि इधर-उधर खोजने पर उसे मोबाइल फोन तो मिल गया था, लेकिन उसका एटीएम कार्ड कहीं नहीं मिला था।