मोहाली। एक व्यक्ति से तीन ग्राम हेरोइन और 82 हजार रुपये बरामद करने के बाद उसे अवैैध तरीके से हिरासत में रखना और बाद में बिना किसी कार्रवाई के छोड़ देने के मामले में बुधवार को एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की। इस मामले में ड्यूटी में लापरवाही करने के आरोप में विभाग के इंस्पेक्टर समेत तीन मुलाजिमों को सस्पेंड कर दिया गया है।
इनमें एसटीएफ फेज-4 थाना के प्रभारी रहे इंस्पेक्टर हरनेक सिंह, थानेदार अंग्रेज सिंह और सिपाही वरिंदर पाल सिंह शामिल हैं। इस मामले में एआईजी रूपनगर रेंज कश्मीर सिंह गिल ने जांच की है। साथ ही सस्पेंड इंस्पेक्टर और अन्य आरोपियों के खिलाफ लुधियाना के एसपी रैंक के अधिकारी जांच करेंगे।
एसटीएफ के एआईजी कश्मीर सिंह गिल ने उक्त मुलाजिमों को सस्पेंड करने की पुष्टि कर इस बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक इंस्पेक्टर हरनेक सिंह पर आरोप है कि उनके कहने पर अन्य मुलाजिम जगरूप सिंह नाम के व्यक्ति को फेज-1 के गांव मोहाली स्थित पीजी से लेने गए और साथ ही सीसीटीवी व डीवीआर ले गए। मीडिया ने जब मामला उजागर किया तो विभाग के उच्च अधिकारियों को इसका पता चला। इस पर एसटीएफ के अधिकारियों ने गांव मोहाली जाकर पीजी मालिक व लोगों से पूछताछ की।
एक अधिकारी ने बताया कि अगर मुलाजिमों ने हेरोइन और ड्रग मनी बरामद की थी, तो मामला दर्ज करना चाहिए था। जबकि ऐसा नहीं किया गया। इसलिए कार्रवाई की गई है।