मोहाली। स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने दो युवकों को 1.970 किलो हेरोइन के साथ दबोचा है। एसटीएफ की टीम ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर की है। आरोपियों की पहचान शुभम कुमार निवासी पटियाला और उसके साथी हन्नी निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एसटीएफ थाना फेज-4 मोहाली में एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, यहां से इनको दो दिन पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसटीएफ के जांच अधिकारी एएसआई भुपिंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम गश्त पर थी तो उन्हें सूचना मिली कि दो नशा तस्कर लंबे समय से हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं और अपने पक्के ग्राहकों को ड्रग की सप्लाई देने आ रहे हैं। इस पर एसटीएफ की टीम ने नाकाबंदी की और इसी दौरान मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। एसटीएफ ने शक के आधार पर दोनों को रोककर पूछताछ की तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। एसटीएफ ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 1.970 किलो हेरोइन बरामद हुई। इस पर उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर एनडीपीएस का केस दर्ज किया है। एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी शुभम कुमार के खिलाफ पहले भी पटियाला में कत्ल और नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। वह जमानत पर बाहर आया हुआ है। वहीं, आरोपी हन्नी से पूछताछ की जा रही है।