खरड़। नगर परिषद के वार्ड नंबर-12 के पार्षद राजवीर सिंह राजी ने कहा कि खरड़ नगर परिषद की पिछले दिनों हुई बैठक में उन्होंने शहर में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या का मामला उठाया था। इस पर खरड़ नगर परिष के अधिकारियों ने कहा था कि वह आवारा कुत्तों पर नकेल पाने के लिए अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं परंतु जब वह आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए गली मोहल्लों में जाते हैं तो लोग उन्हें कुत्तों को पकड़ने नहीं देते।यहां तक कि एक महिला ने पीपल फाॅर एनिमल संस्थापक मेनका गांधी को फोन करवा दिया था जिस कारण आवारा कुत्तों को पकड़ने में मुश्किल पेश आ रही है। पार्षद राजी ने कहा कि इसके बाद उन्होंने सुझाव दिया था कि यदि आवारा कुत्तों की नसबंदी करवा कर उन्हें उसी जगह छोड़ दिया जाए तो आवारा कुत्तों की संख्या कम हो सकती है। मीटिंग में गांव रडियाला की आईटीआई की बिल्डिंग, जो कि अब खाली पड़ी है, में आवारा कुत्तों की नसबंदी करने का निर्णय लिया गया है।
पार्षद राजी ने आगे कहा कि वार्ड नंबर 12 में निज्जर रोड़ से लेकर बरियाली नदी तक पिछले साल बरसाती पानी की बड़ी पाइप डालने का निर्णय लिया गया था परंतु अभी तक काम शुरू नही हो सका है। इस अवसर पर उन्होंने मांग की है कि गर्मियों से पहले पहले उक्त पाइप डलवाई जाए ताकि बरसात के दिनों में इस क्षेत्र में बरसात का पानी दाखिल न हो सके। उन्होंने बताया कि बरसाती पानी के कारण ओम एनक्लेव से लेकर निज्जर रोड़ तथा कई अन्य काॅलोनियों में भी बरसाती पानी दाखिल हो जाता है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।