मोहाली। सरकारी मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्सों की राज्यस्तरीय हड़ताल सोमवार को 10वें दिन भी जारी रही। यूनाइटेड नर्सेज एसोसिएशन ऑफ पंजाब के बैनर तले नर्सिंग स्टाफ लगातार धरना देकर प्रदर्शन कर रहा है। हड़ताल के दस दिन बीतने के बावजूद भी स्वास्थ्य मंत्री की ओर से यूनियन के प्रतिनिधियों से बातचीत के लिए कोई पहल नहीं की गई है। इससे नर्सिंग स्टाफ में रोष बढ़ता जा रहा है। नर्सों का कहना है कि वे छह वर्षों से 4600 ग्रेड पे की बहाली की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
नर्सिंग स्टाफ ने स्पष्ट किया कि वे आम जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की असुविधा नहीं देना चाहते, लेकिन अपनी जायज मांगों को लेकर मजबूरी में उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज और व्यापक किया जाएगा।