एसएसओसी ने पकड़े दो नशा तस्कर, तीन दिन का रिमांड मिला
आरोपियों से 20 ग्राम हेरोइन और 9 एमएम की पिस्टल भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने दो आरोपियों का काबू कर उनके पास से 20 ग्राम हेरोइन और एक 9 एमएम की पिस्टल सहित 2 कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान गुरदासपुर के रहने वाले मोहित और मलकीत सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने सूचना पर दोनों को बस स्टैंड के पास से काबू किया। दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश कर यहां से तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विदेशों में बैठे गैंगस्टरों की मदद करते हैं। रिमांड के दौरान पुलिस इस बात का पता लगाएगी कि आखिर आरोपी यह हेरोइन और पिस्टल कहां से लेकर आए थे और इसे आगे कहां पर सप्लाई करने की फिराक में थे। वहीं, सूत्रों से पता चला है कि पकड़े गए दोनों तस्कर गैंगस्टरों के पासपोर्ट बनवाने में मदद करते हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है कि उन्होंने अब तक किनके पासपोर्ट बनवाए हैं और वे दोनों पासपोर्ट बनवाने में किसकी मदद लेते थे।