जीरकपुर। पटियाला रोड पर 3 अगस्त को एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने डिलीवरी बॉय की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक दिव्यांश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल युवक अभिषेक डिलीवरी का काम करता है। शाम करीब चार बजे वह हाइलैंड पार्क में डिलीवरी देने जा रहा था। पटियाला रोड स्थित हाई ग्राउंड लाइट प्वाइंट के पास बिना नंबर प्लेट वाली सफेद बलेनो कार ने उसकी मोटरसाइकिल को बाईं ओर से टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिषेक का बायां पैर टूट गया। उसके तीन-चार दांत टूट गए और जबड़े समेत सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। अभिषेक को पहले सिविल अस्पताल ढकोली ले जाया गया। बाद में उसे जीरकपुर के ट्रिनिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने दिव्यांश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।