लांडरां / बनूड़। गांव खेड़ी गुरना में बुधवार दोपहर बिजली की तारों में स्पार्किंग से गेहूं के डंठलों में आग लग गई। आग की इस घटना में करीब 16 बीघा गेहूं के फाने जलकर राख हो गए। गांव निवासी किसान जसवीर सिंह ढिल्लों ने बताया कि मोही कला ग्रिड से आटा चक्की को जाने वाली बिजली लाइन में अचानक स्पार्किंग हुई, जिससे उनके खेत में गेहूं के डंठलों ने आग पकड़ ली। आग लगते ही आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों गुरमीत सिंह, हैप्पी, जसविंदर सिंह, बब्बू सिंह और सुखजोत सिंह समेत अन्य लोगों ने तुरंत आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और तेपला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर आग को आगे फैलने से रोका, जिससे समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।