नयागांव। नगर परिषद नयागांव की हाउस मीटिंग के दौरान नगर परिषद का दायरा बढ़ाने के प्रस्ताव पर कुछ पार्षदों ने ऐतराज जताया। पार्षद कुलबीर बिष्ट ने कहा कि पहले ही 21 वार्डों में विकास कार्य अधूरे हैं। गलियां टूटी पड़ी हैं, गटर और नालियां जर्जर हैं, जबकि नई डेवलपमेंट के लिए परिषद के पास बजट भी नहीं है।
पार्षद अवतार सिंह तारी ने कहा कि किसी भी नए क्षेत्र को नगर परिषद में शामिल करने से पहले संबंधित गांवों की सहमति जरूरी है। मसौल, टांडा, टांडी, काने का बाड़ा और बड़ी करोरां पंचायतें इसका विरोध कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इनकी इच्छा के बिना क्षेत्र जोड़ना अवैध होगा। पार्षदों ने प्रशासन से मांग की कि पहले नयागांव की मूलभूत सुविधाओं को पूरा किया जाए।