जीरकपुर। प्रभात क्षेत्र में स्थित हाई लैंड पार्क सोसाइटी निवासी रोड पर फैल रही गंदगी से परेशान है। मंगलवार को सोसाइटी के लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों के खिलाफ रोष-प्रदर्शन किया।
हाई लैंड पार्क सोसाइटी रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान राजीव कक्कड़ ने बताया कि उनकी सोसाइटी की तरफ जाने वाली रोड के बिल्कुल आगे बिजली का ग्रिड बना हुआ है, जहां पर शाम के 5 तक बिजली के कर्मचारी रहते हैं। शाम के बाद ग्रिड में कोई भी कर्मचारी नहीं होता है। इस कारण लोग बिजली ग्रिड के आगे अपना कूड़ा फेंक जाते हैं। इससे उनकी सोसाइटी की तरफ जाने वाला रास्ता कूड़े से ब्लॉक हो जाता है। सड़क पर गंदगी फैलने के कारण फैल रही बदबू से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है।
लोगों ने कहा कि वह कई बार नगर परिषद अधिकारियों को इस संबंधी शिकायत भी कर चुके हैं लेकिन नगर परिषद की ओर से इस रोड की सफाई की ओर बिलकुल भी ध्यान नहीं दिया जाता।
कल मौका देखकर इस रोड की सफाई वहां के सुपरवाइजर से कहकर करवा दी जाएगी। हमारे सफाई कर्मचारियों का काम रोड की सफाई करना है। सोसाइटी के अंदर की सफाई की जिम्मेदारी सोसाइटी की खुद की होती है। -रामगोपाल, सेनेटरी इंस्पेक्टर नगर परिषद जीरकपुर