मोहाली। फेज-5 स्थित शाही माजरा के आरएमसी पॉइंट के पीछे कूड़े के ढेर में लगातार सुलग रही आग के मामले में पंजाब प्रदूषण नियंत्रण विभाग हरकत में आया है। बुधवार को विभाग की एसडीओ अर्शदीप कौर कंग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कूड़े के ढेर और आग से उठने वाले धुएं के कारण पैदा हो रही समस्या का निरीक्षण किया।
इस दौरान ठेकेदार के कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर कूड़े की तत्काल सफाई करवाने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि जमा कचरे को जल्द हटाया जाए, ताकि आग से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाई जा सके।
गौरतलब है कि शाही माजरा के आरएमसी पॉइंट के पीछे कूड़े में बार-बार आग लगने और लंबे समय तक कचरा सुलगते रहने से आसपास के क्षेत्र में धुएं की समस्या बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कूड़े में आग लगने की घटनाएं पर्यावरण के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक हो सकती हैं। अब देखना होगा कि ठेकेदार विभाग के निर्देशों पर कितनी जल्दी अमल करता है और क्षेत्र में कूड़े की समस्या से लोगों को कब राहत मिलती है।