मोहाली। दिवाली की रात जहां शहर में आतिशबाजी और पटाखों की गूंज सुनाई दे रही थी, वहीं फेज-6 के सरकारी अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं के तहत मरीजों की आवाजाही बनी रही। रोशनी के इस त्योहार पर अस्पताल में कुल 27 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें 10 मरीज आंखों से संबंधित परेशानी लेकर आए। पटाखों और आतिशबाजी के बीच आंखों की सुरक्षा को लेकर बरती गई लापरवाही का असर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में भी देखने को मिला। अस्पताल में पहुंचे मरीजों की डॉक्टरों ने जांच की और जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध करवाया। इनमें एक मरीज की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ के जीएमसीएच-32 रेफर करना पड़ा। जबकि अन्य मरीजों को अस्पताल में ही उपचार दिया गया। दिवाली के दौरान अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रहीं और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मरीजों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाईं। त्योहार के दौरान आंखों से संबंधित शिकायतों वाले मरीजों की संख्या भी उल्लेखनीय रही।