मोहाली। फेज-7 में पिता के साथ सड़क पार कर रहे एक छह साल के बच्चे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में टक्कर से बच्चा बुरी तरह घायल हो गया है। उसके सिर में पांच टांके लगे हैं और इसे फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद पिता ने कार के नंबर के साथ संबंधित थाना पुलिस में शिकायत दे दी है।घायल बच्चे की पहचान लोकेश (6) वासी फेज-7 के रूप में हुई है। घायल के पिता ने बताया कि वह गत रविवार को अपने बेटे के साथ घर के मार्केट में किसी निजी काम से पैदल जा रहा था। जब वह बेटे का हाथ पकड़कर सड़क पार कर रहा था। तभी उसके दाईं तरफ से एक महिला तेज रफ्तार कार लेकर आई। कार को तेज रफ्तार में आता देख बेटे ने डर के हाथ छोड़ दिया और वहीं रुक गया। कार की तेज रफ्तार होने के कारण ब्रेक नहीं लगी और कार ने बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर से बच्चा कुछ मीटर दूर जाकर गिरा। इसके बाद कार चालक वहां रुकने की जगह वहां से फरार हो गई। इसके बाद पिता ने पीछे से कार का नंबर पढ़ लिया। इसके बाद उसने देखा बेटे के सिर से काफी खून बह रहा था। वह उसे लेकर सीधा फेज-6 सिविल अस्पताल पहुंचे।