मोहाली। जिला पुलिस ने चोरी की वारदातें करने वाले अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह के 6 शातिरों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने ट्राइसिटी समेत आसपास के अलग-अलग राज्यों में कई वारदातों को अंजाम दिया है। चंडीगढ़ की एक वारदात समेत कुल 13 केस सुलझ गए हैं।
एसपी-डी हरमन सिंह, डीएसपी सिटी रमनदीप सिंह और थाना फेज-8 के एसएचओ शिवदीप सिंह बराड़ ने प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर ले लिया गया है। आरोपी गुरु नानक कॉलोनी बलौंगी निवासी रणजीत सिंह, गांव चोल्टा कला खरड़ निवासी नरिदंर सिंह, बादशाहपुर जिला पटियाला निवासी बलजिंदर सिंह, पटियाला निवासी सतनाम सिंह, गांव बैदवान जिला मोहाली निवासी हरविंदर सिंह और गुरजीत सिंह उर्फ गंजा हैं। सभी के खिलाफ थाना फेज-8 में केस दर्ज कर लिया गया है।
इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी बड़े शातिर हैं। वारदात को रेकी के बाद अंजाम देते थे। ज्यादातर कोठी, घर और दुकानों को निशाना बनाते थे। सबने अलग अलग जिम्मेदारी बांट रखी थी।
पंजाब के कई थानों में केस दर्ज
पुलिस ने कहा कि पकड़े गए आरोपी काफी लंबे समय से लूट और चोरी कर वारदातों को अंजाम देते आ रहे हैं। इनके खिलाफ पंजाब के अलग-अलग जिलों में केस दर्ज हैं। पुलिस पता लगा रही है कि उनके तार किन-किन अपराधियों से जुड़े हुए हैं।
इन जगहों पर कर चुके चोरी की वारदात
इन्होंने मोहाली, चंडीगढ़, लुधियाना और अमृतसर के आसपास के इलाकों में वारदातों को अंजाम दिया है। वह पहले ही इन जगहों पर अपने साथियों को रेकी करने के लिए भेज देते थे। जिस जगह वारदात करनी होती थी उस जगह की रेकी करने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि इस तरह गिरोह बनाकर वारदात करने का यह मामला गंभीर है। आरोपियों की निशानदेही पर जो सामान बरामद किया गया है उसमें एक अवैध असलहा, चोरी की 6 बाइक, 4 तेजधार हथियार, 3 लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन, 1 टीवी, 1 वेल्डिंग मशीन का सैट है।