जीरकपुर। बलटाना में आपस में लड़ रहे दो सांड़ों ने एक छह महीने की मासूम बच्ची पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। साथ में बच्ची के परिवार के तीन सदस्यों को भी टक्कर मारकर घायल कर दिया। उन्हें पंचकूला सेक्टर छह के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में दाखिल करवाया गया। वहीं बच्ची अनाया के शव को पंचकूला सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया। यह घटना रात करीब नौ बजे की है, जब शनिवार की रात बलटाना स्थित मॉडर्न एनक्लेव निवासी केदारनाथ अपने परिवार के साथ स्कूटर से जीरकपुर से वापस अपने घर लौट रहे थे। स्कूटर पर उनकी पत्नी ऊषा रानी, छह साल की बड़ी बेटी रूचिका और मां की गोद में छह माह की छोटी बेटी अनाया थी। जैसे ही परिवार स्कूटर पर बलटाना स्थित मेन मार्केट में गौरव क्लीनिक के पास पहुंचे तो वहां पहले से दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। जैसे ही स्कूटर की आवाज सुनी दोनों सांड़ों ने केदारनाथ के स्कूटर पर हमला कर दिया। सांड़ों की चपेट में सबसे पहले मासूम अनाया आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जीरकपुर नगर काउंसिल लापरवाह
इस पूरे मामले में जीरकपुर नगर काउंसिल की लापरवाही सामने आई है। क्योंकि जीरकपुर में आवारा पशुओं की संख्या इतनी बढ़ गई है कि इनकी वजह से रोजाना हादसे हो रहे है। कभी सांड़ रात के अंधेरे में दर्जनों बाइक तोड़ देते हैं, तो कभी कोई व्यक्ति इनका शिकार हो जाता है।