मोहाली। सदर खरड़ पुलिस ने मोबाइल दुकानदार से 75 हजार रुपये नकद और दो सोने की अंगूठियां ठगने वाले डिकरी गैंग के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को खरड़ अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब उनसे ठगी गई रकम, अंगूठियां और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद करने का प्रयास कर रही है। यह वारदात 26 जून की सुबह गांव संते माजरा स्थित चौधरी कम्युनिकेशन मोबाइल दुकान पर हुई थी।
गिरोह के सदस्यों ने दुकान में पहुंचकर प्लास्टिक की डिकरियों के जरिये रकम दोगुनी करने का खेल शुरू किया। उन्होंने अपने ही साथियों को बार-बार जिताकर दुकानदार सिकंदर चौधरी का विश्वास जीत लिया। विश्वास बनने के बाद आरोपियों ने दुकानदार को खेल में शामिल कर लिया। उन्होंने उससे 75 हजार रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी ठग ली। दूसरी सोने की अंगूठी दुकान के काउंटर से चोरी कर ली गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की तस्वीरें मोबाइल दुकानदारों के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा कीं। अगले ही दिन आरोपी लांडरा स्थित एक अन्य मोबाइल दुकान पर सिम कार्ड खरीदने पहुंचे, जहां दुकानदार ने उन्हें पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी।
लांडरा से गिरफ्तारी और पहचान
सूचना मिलने पर सदर खरड़ पुलिस ने लांडरा स्थित टीडीआई सिटी के फ्लैट नंबर 312 में छापा मारा। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी चमकौर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को ट्रेस किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोगा निवासी मनिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, विशाल कुमार, बलविंदर सिंह, राजवीर सिंह और अरविंदर सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी किराए के फ्लैट में रह रहे थे।
बरामदगी और अन्य वारदात की जांच
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से ठगी गई 75 हजार रुपये की नकदी और दोनों सोने की अंगूठियां बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। वारदात में इस्तेमाल की गई कार व मोटरसाइकिल भी बरामद की जाएगी। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने पंजाब या अन्य राज्यों में इसी तरह की कितनी वारदात को अंजाम दिया है।